Thu. Apr 25th, 2024

उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक की अध्यक्षता में आज यहां नेहरू युवा केंद्र संगठन की युवा कार्यक्रम के कार्यन्यवन को लेकर जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। उपायुक्त ने बैठक को संबोति करते हुए कहा कि नेहरू युवा केंद्र की ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को राष्ट्रीय निर्माण गतिविधियों से जोड़ने में अहम भूमिका है। संगठन से जुड़े युवाओं को ग्रामीण स्तर पर लोगों को राष्ट्र निर्माण गतिविधियों से जोड़ने के लिए हर संभव प्रयास करने चाहिए।
उपायुक्त ने कहा कि नेहरू युवा संगठन वर्ष 2021-22 के लिए निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करें ताकि जमीनी स्तर पर इसके कार्यन्यवन से अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सके। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय द्वारा 12 कोर कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं जिसका मुख्य उद्देश्य युवाओं में जागरूकता, शिक्षा, नेतृत्व क्षमता में विकास के साथ-साथ व्यक्तित्व व कौशल विकास के अवसर युवाओं को उपलब्ध करवाना है।
आबिद हुसैन सादिक ने कहा कि इस वर्ष नेहरू युवा संगठन द्वारा आत्म निर्भर भारत अभियान के तहत अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने के लिए जागरूक करने का लक्ष्य रखा गया है ताकि वे भारत सरकार द्वारा प्रदान किए गए आत्म निर्भर भारत अभियान पैकेज का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि इसमें संस्थान से जुड़े युवा लोगों को योजना से संबंधित औपचारिकताओं को पूरा करने में सहायता करेंगें साथ ही लोगों को ‘लोकर फाॅर वोकल’ के बारे में भी जागरूक करेंगे। उन्होंने सभी विभागों को नेहरू युवा केंद्र द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान में सहयोग करने को भी कहा ताकि केंद्र व प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजना व कार्यक्रमों के बारे में लोगों को जानकारी हासिल हो सके और इन योजनाओं का अधिक से अधिक लोग लाभ उठा सकें।
उन्होंने नेहरू युवा केंद्र के वाॅलनटीयर्ज से भी आग्रह किया कि वे प्रदेश सरकार द्वारा 9 अगस्त से 15 अगस्त तक चलाए जा रहे स्वच्छ हिमाचल अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित बनाएं।
नेहरू युवा केंद्र की जिला युवा अधिकारी प्रियंका ने बताया कि संगठन से जुड़े युवा गांव-गांव जाकर लोगों को कोविड से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों के बारे में भी जागरूक करेंगे साथ ही कोविड के बारे में लोगों में फैली भ्रांतियों को भी दूर करने के लिए विशेष अभियान चलाएंगे। लोगों को सही प्रकार से फेस-माॅस्क पहनने, बार-बार साबुन से हाथ धोने या सेनेटाईजर का प्रयोग करने के साथ साथ आवश्यक दूरी की अनुपालना करने के लिए भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘फिट इंडिया’ अभियान के अंतर्गत युवा या अन्य की सुविधा के लिए संगठन द्वारा योग शिविरों का आयोजन किया जाएगा जिसके लिए अन्य विभागों का भी सहयोग लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 13 अगस्त से आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि संस्थान द्वारा ग्रामीण स्तर पर जिला तथा खण्ड स्तरीय खेल प्रतिस्पर्धाओं का भी आयोजन किया जाएगा ताकि ग्रमाीण युवाओं को भी अपने हुनर को प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त हो सके। इसी प्रकार कला तथा संस्कृति को बढ़ावा देने व सरंक्षण के लिए जिला स्तरीय सांस्कृतिक स्पर्धाओें का आयोजन किया जाएगा। जिले में स्वच्छ भारत अभियान के तहत विशेष सफाई अभियान का आयोजन किया जाएगा जिसमें नेहरू युवा केंद्र से संबंधित युवा क्लबों अन्य युवा एवं खेल क्लबों, महिला मण्डल आदि का भी सहयोग लिया जाएगा।
संगठन के युवाओं द्वारा लोगों के सहयोग से जल जागरण अभियान भी चलाया जाएगा जिसमें लोगों को जल संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा। नेहरू युवा संगठन से युवाओं को जोड़ने के लिए यूथ क्लब विकास अभियान भी चलाया जाएगा। इस दौरान नए युवा सदस्यों को भी संगठन से जोड़ा जाएगा।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।