Mon. Apr 29th, 2024

ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में तीन दिवसीय राष्ट्रीय कोर्फबॉल प्रतियोगिता आरंभ उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने किया विधिवत शुभारंभ देश के आठ राज्यों के 200 खिलाड़ी ले रहे भाग

ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में तीन दिवसीय राष्ट्रीय कोर्फबॉल प्रतियोगिता आरंभ
उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने किया विधिवत शुभारंभ
देश के आठ राज्यों के 200 खिलाड़ी ले रहे भाग
कुल्लू, 01 अक्तूबर। तीन दिवसीय 19वीं राष्ट्रीय कोफबॉल प्रतियोगिता शुक्रवार को कुल्लू के ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में आरंभ हुआ। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न आठ राज्यों केरल, पुण्डूचेरी, तमिलनाडू, तेलंगाना, पश्चिमी बंगाल, महाराष्ट्र, हरियाणा तथा हिमाचल के लगभग 200 पुरूष व महिला खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए जिलाधीश आशुतोष गर्ग ने कहा कि कोर्फबॉल में बच्चों के लिए अनेक संभावनाएं है। उन्होंने कहा कि हिमाचल के लिए अभी नया खेल है और इसे पंचायत स्तर तक ले जाने के लिए प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि एकमात्र ऐसा खेल है जिसमें पुरूष व महिलाएं बराबर संख्या में समूहों में किसी खेल को खेलते हैं। यह खेल समाज मंे लिंग समानता को भी दर्शाता है।
आशुतोष गर्ग ने कहा कि कोविड महामारी के चलते खेलें भी प्रभावित हुई और अब धीरे-धीरे वैक्सीन की डोज लोगों को प्राप्त हो जाने से महामारी नियंत्रित होती दिख रही है। उन्होंने कहा कोर्फबाल खेल ‘मित्रता, सहयोग व सह शिक्षा का खेल है। खिलाड़ियों को इसमें अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है। उन्होंने कुल्लू में इस प्रकार की बड़ी प्रतियोगिता करवाने के लिए कोर्फबॉल एसोसियेशन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस खेल को और अधिक पॉपुलर बनाया जाएगा। प्रशासन एसोसियेशन के प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।
हिमाचल प्रदेश कोर्फबाल एसोसियेशन के महासचिव बी.आर. सुमन तथा राष्ट्रीय कोर्फबॉल एसोसियेशन के सचिव अशोक ने कोर्फबॉल प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल में कार्फबाल खेल 1989 में आरंभ हुआ और तब से हिमाचल की टीम लगातार राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में भाग ले रही है। उन्होंने कहा कि 1991 में मण्डी में तृतीय कोर्फबाल फेडरेशन कप का आयोजन किया गया था।  1996 में चौथी राष्ट्रीय जूनियर कोर्फबाल प्रतियोगिता का आयोजन ठोडू मैदान सोलन में किया गया था। उन्होंने कहा कि एसोसियेशन हर साल राज्य स्तर की प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन कर रही है। एसोसियेशन ने प्रतियोगिता आयोजन में सहयोग करने के लिए उपायुक्त का आभार जताया।
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग तथा सूत्रधार कला संगम ने कलाकारों ने इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये।
एसोसियेशन के उपाध्यक्ष देवव्रत, जय गोपाल शर्मा, कोषाध्यक्ष विनोद तथा राहुल के अलावा सभी टीमों के साथ आए कोच व समस्त खिलाड़ी इस मौके पर उपस्थित रहे।
.0.