Sat. May 18th, 2024

नेहरू युवा केंद्र किन्नौर द्वारा आज देवी दुर्गा युवक मण्डल उरनी के सहयोग से जिला स्तरीय सांस्कृतिक लोक नृत्य प्रतियोगिता व एकल गान प्रतियोगिता का आयोजन निचार खण्ड की ग्राम पंचायत उरनी में किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ग्राम पंचायत उरनी के प्रधान अनिल नेगी ने नेहरू युवा केंद्र किन्नौर के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति के संरक्षण को बल मिलता है। उन्होंने महिला मण्डल व युवक मण्डल के सदस्यों से भी आग्रह किया कि वे जिले की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि युवा एवं महिलाएं इस कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने इस अवसर पर विजेता दलों को पुरूस्कार भी प्रदान किए।
लोक नृत्य प्रतियोगिता में महिला मण्डल उरनी प्रथम, महिला मण्डल चगांव द्वितीय व नेहरू युवा केंद्र के सौजन्य से संचालित सिलाई प्रशिक्षण केंद्र उरनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
एकल गान प्रतियोगिता में बबीता नेगी ने प्रथम तथा राम दासी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
नेहरू युवा केंद्र के कार्यकारी युवा अधिकारी केवल गिरी महंत ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों व अन्य विशिष्ट जनों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नेहरू युवा केंद्र आपसी भाईचारे तथा राष्ट्रीय एकता के लिए युवाओं व महिलाओं को जोड़कर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने के लिए केंद्र द्वारा समय-समय पर जिले के विभिन्न स्थानों पर खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के अलावा जागरूकता शिविरों का भी आयोजन किया जाता है।
उन्होंने कहा कि किन्नौर जिला अपनी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के लिए विश्व भर में जाना जाता है तथा नेहरू युवा केंद्र जिले की समृद्ध संस्कृति के संरक्षण व प्रचार-प्रसार के लिए समय-समय पर इस तरह के आयोजन करता रहता है ताकि भावी पीड़ियों के लिए समृद्ध संस्कृति का संरक्षण सुनिश्चित बनाया जा सके।
इस अवसर पर देवी दुर्गा युवक मण्डल के अध्यक्ष सिकंदर नेगी ने मुख्य अतिथि व अन्य सभी गणमान्य व्यक्तियों का कार्यक्रम में उपस्थित होने व जिला स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन उरनी में करवाने के लिए नेहरू युवा केंद्र का भी आभार व्यक्त किया।
महिला मण्डल उरनी की प्रधान ने इस अवसर पर अपने संबोधन के माध्यम से उपस्थित जनों से नशे की आदत से दूर रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नशाखोरी आज एक सामाजिक बुराई के रूप में उभर कर सामने आई है। इसे रोकने में महिलाएं तथा युवक अहम भूमिका निभा सकते हैं।
इस अवसर पर कोविड-19 के बारे में भी महिला मण्डलों के सदस्यों द्वारा जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के विशेष अतिथि जिला लोक सम्पर्क अधिकारी नरेंद्र शर्मा ने इस दौरान उपस्थित महिला मण्डलों व युवक मण्डलों के सदस्यों से इस तरह के आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में स्थानीय ग्राम पंयायत के उपप्रधान सुरेश कुमार, देवी दुर्गा युवक मण्डल के महासचिव तेंजिन व विभिन्न महिला मण्डलों के पदाधिकारियों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
.0.