Sun. May 19th, 2024

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुर्वेद मन्त्री डाॅ. राजीव सैजल ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए लोगों द्वारा सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों को सहयोग प्रदान किया जाना आवश्यक है। डाॅ. सैजल आज कसौली विधानसभा क्षेत्र के तहत ग्राम पंचायत गुल्हाड़ी में सनावर फाॅरेस्ट नेचर कैम्प के समीप पौधरोपण कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे।
डाॅ. सैजल ने इस अवसर पर हरड़ का पौधा लगाकर अभियान का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उपस्थित दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने अनार का पौधा रोपा।
डाॅ. सैजल ने कहा कि कोविड-19 के मामलों में सत्त रूप से हो रही वृद्धि को रोकने के लिए नियमों का पालन किया जाना आवश्यक है। उन्होंने आग्रह किया कि कोरोना वायरस संक्रमण के चक्र को तोड़ने के लिए एस.एम.एस सूत्र का पालन ज़रूरी है। एस अर्थात सोशल डिस्टेन्सिग, एम अर्थात मास्क तथा एस अर्थात सेनिटाईजेशन। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों में दो व्यक्तियोें केे मध्य कम से कम दो गज की दूरी तथा मास्क पहन कर रखना कोरोना वायरस को फैलने से रोकने में सहायक है। उन्होंने आह्वान किया कि सभी अपने हाथ नियमित रूप से साबुन अथवा एल्कोहल युक्त साबुन से धोते रहें।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मन्त्री ने कहा कि इस दिशा में जन-जन को जागरूक करने के लिए विभिन्न स्तरों पर चुने हुए प्रतिनिधियों के साथ स्वंय सेवी संस्थाओं को मिल कर कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि वे मुख्यमन्त्री जयराम ठाकुर के निर्देशानुसार दी गई प्रत्येक जिम्मेदारी का निर्वहन जन आकांक्षाओं के अनुरूप करने का प्रयास करेंगे। जन-जन से जुड़े स्वास्थ्य विभाग में सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के साथ गुणवत्तायुक्त स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना उनका लक्ष्य रहेगा।
आयुर्वेद मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि सोलन जिला में इस वर्ष 298 हैक्टेयर भूमि पर 03 लाख पौधे रोपित किए जाएंगे।
उन्होंने सोलन जिला में पौधरोपण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए वन विभाग के साथ-साथ भाजपा किसान मोर्चा तथा भारतीय जनता युवा मोर्चा के सभी कार्यकर्ताओं की सराहना की।
डाॅ. सैजल ने इस अवसर पर जन समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को इनके निपटारे केे निर्देश दिए।
पौधरोपण कार्यक्रम में हरड़, अनार, दाड़ु, जामुन, कचनार, शीशम सहित अन्य प्रजातियों के 100 से अधिक पौधे रोपित किए गए।
भाजपा मण्डल कसौली के महामन्त्री जगदीश ठाकुर ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
प्रदेश जल प्रबन्धन बोर्ड के उपाध्यक्ष दर्शन सिंह सैनी, एपीएमसी सोलन के अध्यक्ष संजीव कश्यप, भाजपा मण्डल कसौली के अध्यक्ष कपूर सिंह वर्मा, ग्राम पंचायत गुल्हाड़ी के प्रधान मदन मोहन मेहता, ग्राम पंचायत जाबली के प्रधान दुनी चन्द धीमान, जुवेनाईल जस्टिस बोर्ड के सदस्य राज कुमार सिंगला, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति के सदस्य सुन्दरम ठाकुर, जिला भाजपा महिला मोर्चा की महामन्त्री निशा शर्मा, उपाध्यक्ष बिल्लो नेगी, किसान मोर्चा कसौली के अध्यक्ष डुरेश ठाकुर, भाजयुमो के जिला अध्यक्ष नरेन्द्र ठाकुर, भाजपा तथा भाजयुमो के वरिष्ठ पदाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राजन उप्पल, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डाॅ. राजेन्द्र शर्मा, वन खण्ड अधिकारी करतसर सिंह नेगी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपसिथत थे