Sat. Apr 20th, 2024

शिमला, 31 अगस्त:
मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस पर जिला युवा, सेवा एवं खेल विभाग द्वारा रामपुर के दत्तनगर में राष्ट्रीय खेल दिवस पर आज हाफ मैराथन का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता वन मण्डाधिकारी रामपुर अरविन्द कुमार ने की।
इस अवसर पर उन्होंने मेजर ध्यानचंद को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि मेजर ध्यानचंद हाॅकी के जादूगर थे। उन्होंने अपने समय में राष्ट्रीय खेल हाॅकी को बुलंदियों तक पहुंचाया और देश का नाम रोशन किया।
उन्होंने खिलाड़ियों से मेजर ध्यानचंद के आदर्शों को अपनाते हुए खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने व देश व प्रदेश के लिए कुछ कर गुजरने का आह्वान किया।
वन मण्डलाधिकारी अरविन्द कुमार ने विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए।
युवा, सेवा एवं खेल अधिकारी राकेश धोटा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को अनुशासन में रह कर खूब मेहनत कर अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों से रोज एक घंटा व्यायाम, प्राणायाम व योगासन करने का आह्वान भी किया।
हाफ मैराथन दौड़ में 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर, 8 किलोमीटर व 6 किलोमीटर दौड़ का आयोजन किया गया।
उप पुलिस अधीक्षक रविन्द्र नेगी ने हाफ मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर योगा व रस्सा-कसी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया।
स्थानीय दतात्रेय यूथ स्पोर्टस क्लब व स्थानीय प्रधान राजेन्द्र ठाकुर ने हाफ मैराथन दौड़ के सफल आयोजन के लिए विभाग का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर वॉलीबॉल कोच निर्मला चौहान व डाॅ. रविन्द्रा बांश्टु, बास्केट बाॅल कोच सविता शर्मा तथा कबड्डी कोच अशोक कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
.0.