Thu. Apr 25th, 2024

मंडी, 15 मार्च – स्वर्णिम अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की मध्य जलेब सोमवार को मंडी में पूरी धूमधाम से निकाली गई। मंडलायुक्त मंडी विकास लाबरू ने राज देवता श्री माधो राय मंदिर से पड्डल मेला ग्राउंड तक पारम्परिक ‘मध्य जलेब’ (शोभायात्रा) की अगवानी की। इससे पहले उन्होंने श्री माधो राय मंदिर में पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना की, उनकी धर्मपत्नी शैलजा लाबरू भी उनके साथ रहीं।
इस अवसर पर पड्डल मैदान में जनसमूह को संबोधित करते हुए विकास लाबरू ने देव संस्कृति को श्रेष्ठ संस्कृति बताया। उन्होंने कहा कि अपनी समृद्ध संस्कृति व विरासत को सहेजना और संजोये रखना आवश्यक है ताकि यह निरंतर आगे बढ़े और नई पीढ़ी इसे जाने।
उन्होंने कहा कि देव और लोक आस्था के समागम के इस अनूठे महोत्सव में देवताओं का सानिध्य मिलना उनके लिए अदभुत अनुभव रहा। उनके लिए इस देवमयी वातावरण और दिव्य समागम का हिस्सा बनना गौरव की बात है।
उन्होंने मेले की पुरातन परंपराओं को सहेजने और नई पीढ़ी को इनसे जोड़ने के प्रयासों के लिए महोत्सव आयोजन समिति की तारीफ की। विशेषकर अपनी विरासत और अतीत से रूबरू करवाती ‘री लिव दी पास्ट’ प्रदर्शनी के लिए प्रशासन को बधाई दी।
देवी-देवताओं से मांगा विश्व कल्याण का आशीर्वाद
मंडलायुक्त ने कहा कि कोरोना के इस संकटकाल में पूरी मानवता को देवी देवताओं के आशीर्वाद की जरूरत है। उन्होंने समूचे विश्व के कल्याण एवं शांति के लिए देवी-देवताओं से आशीर्वाद मांगा।
इसे मौके अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने मंडलायुक्त का स्वागत करते हुए शिवरात्रि महोत्सव में आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मेले में अभी तक 186 देवी देवता आशीर्वाद देने के लिए पधारे हैं। आयोजन समिति ने उनके साथ आए देवलुओं की सुविधा के लिए सभी जरूरी प्रबंध किए हैं।
उन्होंने कहा कि कोरोना की चुनौती के सामने शिवरात्रि महोत्सव का सफलतापूर्वक आयोजन मंडी की प्रबुद्ध जनता की सक्रिय सहभागिता से ही संभव हुआ है। उन्होंने इसके लिए सारी जनता का आभार जताया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री, अतिरिक्त उपायुक्त जतिन लाल, नगर निगम मंडी के आयुक्त राजीव कुमार, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी श्रवण मांटा, सर्व देवता समाज के प्रधान शिवपाल शर्मा सहित अन्य अधिकारी और शहरवासी मौजूद रहे।