Fri. May 3rd, 2024
मुख्यमंत्री ने पूजा सोनी और साक्षी को आर्थिक सहायता प्रदान की
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने जिला बिलासपुर की तहसील घुमारवीं के गांव कोठी निवासी पूजा सोनी और जिला मण्डी की तहसील सरकाघाट के गांव रामनगर की साक्षी के परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्हें सहायता प्रदान कर उच्च मानवीय मूल्यों का परिचय दिया है।
मुख्यमंत्री को अपनी वर्तमान आर्थिक स्थिति से अवगत करवाते हुए साक्षी ने कहा कि वह गरीब परिवार से सम्बन्ध रखती हैं। उनके पिता मजदूरी करते हैं जबकि मां बीमार रहती हैं। वह और उनकी बहन महक अपनी पढ़ाई आगे जारी रखना चाहती हैं परन्तु धन के अभाव ने उन्हें पढ़ाई जारी रखने में कठिनाई हो रही है।
इसी प्रकार की आर्थिक तंगी की समस्या को लेकर पूजा सोनी जब मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से मिलीं तो मुख्यमंत्री ने उन्हें भी निराश नहीं किया। पूजा ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनकी दो बेटियां हैं, जिनमें से एक बेटी दिव्यांग है। उन्होंने कहा कि आजीविका का कोई निश्चित साधन न होने के कारण उन्हें बेटी का ईलाज करवाने में मुश्किल हो रही है। मुख्यमंत्री ने पूजा और साक्षी की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की।
पूजा और साक्षी ने इस आर्थिक सहायता के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।