Thu. Apr 25th, 2024

लोकतंत्र भारत के प्रथम मतदाता श्याम सरण नेगी से उनके आवास पर भेंट की

मंडी संसदीय उपचुनाव के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त  केंद्रीय व्यय पर्यवेक्षक भारतीय राजस्व सेवा के अधिकारी विमल कुमार मीणा ने विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत के प्रथम मतदाता श्याम सरण नेगी से उनके आवास पर भेंट की एवं उनके स्वास्थ्य व कुशल क्षेम जाना।उन्होंने श्याम सरण के  बेहतर स्वास्थ्य के लिये ईश्वर से प्राथना की।
यह एक शिष्टाचार भेंट थी।
भेंट के दौरान व्यय पर्यवेक्षक विमल कुमार मीणा ने प्रथम मतदाता श्याम सरण नेगी को बधाई देते हुए कहा कि यह देश व हम सभी के लिए गौरव का विषय है कि आज 104 वर्ष की आयु में भी देश के प्रथम मतदाता श्याम सरण नेगी 30 अक्तूबर को होने वाले मंडी संसदीय उपचुनाव में वोट देने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी विशेषकर युवाओं को देश के प्रथम मतदाता श्याम सरण नेगी से प्रेरणा लेनी चाहिए तथा लोकतंत्र के महापर्व में चुनाव वाले दिन अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए ताकि देश का लोकतंत्र मजबूत हो सके।
श्याम सरण नेगी ने व्यय पर्यवेक्षक से देश के प्रथम संसदीय चुनाव से लेकर अब तक हुए विभिन्न चुनाव के अनुभवों को भी सांझा किया। श्याम सरण नेगी ने व्यय पर्यवेक्षक विमल कुमार मीणा को बताया कि वर्ष 1951 में आयोजित प्रथम संसदीय चुनाव से लेकर आज तक उन्होंने सभी लोकसभा, विधानसभा, व पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में मताधिकार का प्रयोग किया है। श्याम सरन ने बताया कि वे 30 अक्तूबर, 2021 को होने वाले उपचुनाव में भी वे मतदान करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग से नियुक्त  केंद्रीय ब्यय पर्यवेक्षक भारतीय राजस्व सेवा के अधिकारी  विमल कुमार मीणा के उनके आवास पर आकर  उनके कुशल क्षेम जानने  व बेहतर स्वास्थ्य के लिये प्राथना करने के  लिए प्रसन्ता जाहिर की।
इस अवसर पर व्यय पर्यवेक्षक विमल कुमार मीणा ने देश के प्रथम मतदाता श्याम सरन नेगी को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी कल्पा स्वाति डोगरा व व्यय पर्यवेक्षक के संपर्क अधिकारी रितेश पटियाल भी उपस्थित थे।
.0.