Thu. Apr 25th, 2024

वाल्मीकी महासंघ ने नगर निगम के लिए सरकार के प्रयासों को सराहा
राज्य सरकार और सीएम जयराम ठाकुर का इसके लिए जताया आभार

वाल्मीकी महासंघ हिमाचल प्रदेश ने मंडी शहर को नगर निगम बनाने के लिए राज्य सरकार की तरफ से किए जा रहे प्रयासों का स्वागत किया है। महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष अंकुश घोष, स्थानीय सभा के प्रधान रोशन लाल, संजय कुमार, महिला मंडल की महासचिव सुनैना कुमारी व अन्य सदस्यों ने मंडी से जारी प्रेस बयान में इसके लिए राज्य सरकार का आभार जताया है। इन्होंने कहा कि राज्य सरकार छोटी काशी मंडी को नई पहचान दिलाने के लिए पूरी तरह से प्रयासरत नजर आ रही है। मंडी शहर के लोगों की वर्षों से चली आ रही मांग को पूरा करने के लिए सरकार ने कार्य शुरू कर दिया है और चुनाव आयोग ने भी इस संदर्भ में अधिसूचना जारी करके नगर निगम की कवायद को तेज कर दिया है। इनका कहना है कि मंडी शहर के नगर निगम बनने के लिए शहर के विकास की रफतार को और गति मिलेगी और यहां विकास कार्यों में तेजी आएगी। इसके लिए इन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर और शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज का आभार जताया है।